जमशेदपुर, 29 सितंबर 2026: टाटा स्टील डाउन स्ट्रीम प्रोडक्ट लिमिटेड के कर्मचारियों के वार्षिक प्रॉफिट बोनस 2025-26 को लेकर मंगलवार को बारा प्लांट के कॉन्फ्रेंस हॉल में प्रबंधन और यूनियन के बीच समझौता हुआ। समझौते के तहत कंपनी के 682 कर्मचारियों, जिसमें ESS भी शामिल हैं, के बीच कुल 3.91 करोड़ रुपये की बोनस राशि वितरित की जाएगी।
समझौते के अनुसार कर्मचारियों को अधिकतम 1,02,185 रुपये और न्यूनतम 48,400 रुपये का बोनस मिलेगा। वहीं न्यू सीरीज के लिए बोनस राशि 32,978 रुपये निर्धारित की गई है, जबकि औसत बोनस 74,443 रुपये रहेगा। बोनस की राशि 5 अक्टूबर 2026 को कर्मचारियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
समझौते के दस्तावेज पर प्रबंधन की ओर से CHRO करण लखानी और यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पाण्डेय समेत यूनियन के सदस्यों ने हस्ताक्षर किए।
इस मौके पर प्रबंधन की ओर से GM जयदेव चाँद, चीफ IR संजय मजूमदार, हेड HR माया तिवारी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं यूनियन की ओर से महामंत्री त्रिदेव सिंह सहित कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे।
यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पाण्डेय ने कहा कि कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और कंपनी की प्रगति में उनके योगदान को ध्यान में रखते हुए प्रबंधन और यूनियन के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में बोनस समझौता हुआ है। उन्होंने कहा कि अधिकतम 1,02,185 रुपये और न्यूनतम 48,400 रुपये का बोनस कर्मचारियों के लिए खुशी का विषय है।
उन्होंने कहा कि यूनियन कर्मचारियों के हितों और अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध है और प्रबंधन तथा कर्मचारियों के बीच सहयोग एवं बेहतर औद्योगिक संबंध आगे भी बनाए रखने का प्रयास जारी रहेगा। 5 अक्टूबर को बोनस की राशि बैंक खातों में पहुंचने के बाद कर्मचारियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल रहेगा।

