बिहार एसोसिएशन के शताब्दी वर्ष में दिनकर जयंती समारोह का आयोजन, प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया गया सम्मानित
जमशेदपुर: बिहार एसोसिएशन के शताब्दी वर्ष के अवसर पर एसोसिएशन के साहित्यिक एवं सांस्कृतिक पार्श्व ‘दिनकर परिषद’ की ओर से शनिवार, 26 सितंबर 2026 को राजेंद्र प्रेक्षागृह में दिनकर जयंती समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता बिहार एसोसिएशन के अध्यक्ष बी. एन. चौधरी ने की। कार्यक्रम में पटना विश्वविद्यालय के पूर्व हिंदी विभागाध्यक्ष एवं पटना कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. तरुण कुमार मुख्य अतिथि तथा राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ के पौत्र अरविंद कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. तरुण कुमार ने कहा कि बिहार एसोसिएशन की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होना अपने आप में गौरव का विषय है। इतने लंबे समय से दिनकर परिषद के माध्यम से साहित्य और संस्कृति के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयास भी उल्लेखनीय हैं। उन्होंने कहा कि दिनकर जनता के कवि थे। उनकी रचनाओं में आम लोगों से सीधा संवाद दिखाई देता है और वे अपनी कविताओं के माध्यम से पाठकों के सामने लगातार सवाल खड़े करते हैं।
डॉ. तरुण कुमार ने दिनकर की रचनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आधुनिक हिंदी कविता में शायद ही किसी अन्य कवि की रचनाओं में इतने प्रश्नवाचक चिह्न मिलते हैं, जितने दिनकर के साहित्य में दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि वे दिनकर को हिंदी का आखिरी ऐसा कवि मानते हैं, जिसने जनता से सीधे संवाद किया। दिनकर की कविताओं की कई पंक्तियां आज भी लोगों की जुबान पर मुहावरों की तरह प्रचलित हैं।
विशिष्ट अतिथि अरविंद कुमार सिंह ने दिनकर के व्यक्तित्व और कृतित्व से जुड़े कई संस्मरण साझा किए। उन्होंने कहा कि दिनकर के साहित्य में भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और मानवीय मूल्यों की गहरी अभिव्यक्ति मिलती है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी तक दिनकर की रचनाओं और उनके विचारों को पहुंचाने के लिए इस तरह के साहित्यिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की निरंतर आवश्यकता है।
चित्र का अनावरण कर हुआ समारोह का उद्घाटन
समारोह की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। बिहार एसोसिएशन के अध्यक्ष बी. एन. चौधरी ने अतिथियों और उपस्थित श्रोताओं का स्वागत किया। इसके बाद मुख्य अतिथि डॉ. तरुण कुमार, विशिष्ट अतिथि अरविंद कुमार सिंह, अध्यक्ष बी. एन. चौधरी और महासचिव सी. पी. एन. सिंह ने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ के चित्र का अनावरण किया। चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया गया।
राजेंद्र विद्यालय की छात्रा कृतिका ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया। इसके बाद दिनकर जयंती के अवसर पर ‘दिनकर परिषद’ की ओर से आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों ने काव्य-पाठ प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुतियों ने समारोह में साहित्यिक रंग भर दिया।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मिला पुरस्कार
समारोह के अंतिम चरण में दिनकर जयंती के अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. तरुण कुमार और विशिष्ट अतिथि अरविंद कुमार सिंह ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।
कार्यक्रम का संचालन बिहार एसोसिएशन के सदस्य भावेश कुमार ने किया। समापन से पहले कृतिका ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। बिहार एसोसिएशन के महासचिव सी. पी. एन. सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ।

