Breaking
Mon. Sep 28th, 2026

एमजीएम में ऑनलाइन जुआ गिरोह का खुलासा, अर्टिगा कार से तीन गिरफ्तार

जमशेदपुर। अपराध नियंत्रण और अवैध जुआ-सट्टा गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान एमजीएम थाना पुलिस ने ऑनलाइन जुआ संचालित करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सिमुलडांगा में एनएच-73 के किनारे एक सुनसान स्थान पर खड़ी अर्टिगा कार से तीनों को ऑनलाइन जुआ खेलते और उसका हिसाब-किताब दर्ज करते पकड़ा।

ग्रामीण एसपी शुभम खंडवाल ने सोमवार को बताया कि पुलिस टीम गश्ती पर थी। इसी दौरान संदिग्ध हालत में खड़ी अर्टिगा कार की जांच की गई। कार के अंदर तीन युवक मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन लिंक पर जुआ खेल रहे थे और कॉपी में जुए से संबंधित स्कोर तथा लेन-देन का हिसाब लिख रहे थे। पूछताछ के दौरान पुलिस को ऑनलाइन जुआ संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले। पुलिस के अनुसार, आरोपी आईडी और पासवर्ड के माध्यम से ऑनलाइन जुआ खेलते तथा अन्य लोगों को भी इसमें शामिल कर अवैध कमाई करते थे।

गिरफ्तार आरोपियों में विकास कुमार महतो, रोहित गुप्ता उर्फ सेठबाज उर्फ बिट्टू और कृष्णा कर्मकार शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से कुल 1,18,490 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, एक अर्टिगा कार, सोने-चांदी के आभूषण और ऑनलाइन जुआ का हिसाब-किताब लिखी कॉपी बरामद की है। बरामद नकदी में विकास कुमार महतो के पास से 97,920 रुपये, कृष्णा कर्मकार से 10,570 रुपये और रोहित गुप्ता से 10 हजार रुपये मिले हैं।

पुलिस ने मौके से आईफोन-13, आईफोन-17 प्रो मैक्स समेत चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इसके अलावा सोने की चेन, सोने की अंगूठी और चांदी का ब्रेसलेट भी बरामद किया गया है। जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन से ऑनलाइन जुआ, सट्टा और आईपीएल गेम खेलने तथा खिलाने वाले नेटवर्क से जुड़े साक्ष्य मिलने की बात पुलिस ने कही है। मोबाइल में बैंक और यूपीआई लेन-देन के स्क्रीनशॉट भी मिले हैं। पुलिस अब बरामद डिजिटल साक्ष्यों और वित्तीय लेन-देन के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों तथा इसके संभावित सरगना की पहचान में जुटी है।

Related Post