जमशेदपुर: केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति जमशेदपुर के तत्वावधान में टेल्को, गोविंदपुर और बिरसानगर थाना क्षेत्र में आयोजित होने वाली दुर्गा पूजा को लेकर पूजा समितियों की बैठक साबुज कल्याण संघ के सभागार में हुई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के मानद अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने की। बैठक में तीनों थाना क्षेत्रों की विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के अलावा पुलिस और केंद्रीय शांति समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय शांति समिति के सदस्य प्रदीप कुमार दास द्वारा प्रस्तुत मां दुर्गा स्तुति से हुई। इसके बाद बैठक का संचालन केंद्रीय शांति समिति के वरिष्ठ सदस्य नंदलाल सिंह ने किया। उन्होंने बैठक में मौजूद विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधियों का केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों और प्रशासनिक पदाधिकारियों से परिचय कराया।
नंदलाल सिंह ने तीनों थाना क्षेत्रों में दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर पूजा समितियों के सामने आने वाली संभावित चुनौतियों पर चर्चा की। उन्होंने पूजा समितियों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करने की अपील की।
बैठक में केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह और महामंत्री आशुतोष सिंह ने पूजा समितियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी पूजा पंडालों में व्यवस्थित तरीके से सीसीटीवी कैमरे लगाने, ध्वनि विस्तारक यंत्रों का नियंत्रित और निर्धारित समय के अनुसार उपयोग करने तथा पंडालों में प्रवेश और निकास की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा सभी पंडालों में अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था रखने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने पर जोर दिया गया।
पूजा समितियों से अपने-अपने वॉलिंटियर्स की सूची जल्द संबंधित थाना में उपलब्ध कराने को भी कहा गया, ताकि पूजा के दौरान प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सके।
पंडाल और प्रतिमा की ऊंचाई का रखना होगा ध्यान
बैठक में टेल्को थाना प्रभारी वरीय पुलिस निरीक्षक सुरेश प्रसाद ने पूजा समितियों से प्रशासन को सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंडाल निर्माण के दौरान पंडाल और प्रतिमा की ऊंचाई से जुड़े निर्धारित मानकों का ध्यान रखा जाए। साथ ही पंडालों में पुरुष और महिलाओं के लिए अलग-अलग दर्शन की व्यवस्था करने की बात कही।
उन्होंने विसर्जन के दौरान प्रशासन की ओर से निर्धारित समय और दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। गोविंदपुर थाना प्रभारी सहायक पुलिस निरीक्षक पवन कुमार और बिरसानगर थाना प्रभारी कमलेश कुमार ने भी पूजा समितियों को प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर आयोजन करने का भरोसा दिलाया।
तीनों थाना क्षेत्रों के थाना प्रभारियों ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान प्रशासन पूजा समितियों के साथ मुस्तैदी से खड़ा रहेगा। साथ ही असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी। नशाखोरी और तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों पर भी निगरानी रखने की बात कही गई।
भीड़ नियंत्रण और पुलिस पिकेटिंग पर दिया जोर
बैठक को राममंदिर दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष चंद्रभान सिंह ने भी संबोधित किया। उन्होंने पूजा के दौरान भीड़ नियंत्रण और पुलिस पिकेटिंग की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।
बैठक में केंद्रीय शांति समिति के महामंत्री आशुतोष सिंह, सचिव रामबाबू सिंह, प्रमोद तिवारी सहित अन्य सदस्य और पूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में साबुज कल्याण संघ के महामंत्री मिथिलेश घोष ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

