Breaking
Mon. Sep 28th, 2026

धातकीडीह कम्युनिटी सेंटर में कराटे बेल्ट परीक्षा, 80 विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर

जमशेदपुर। धातकीडीह कम्युनिटी सेंटर के मुख्य सभागार में रविवार को कराटे बेल्ट परीक्षा के साथ शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन किया गया। परीक्षा में करीब 80 कराटे विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता, अनुशासन, आत्मविश्वास, अभ्यास और कराटे के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का मूल्यांकन किया गया।

कार्यक्रम का संचालन एवं बेल्ट परीक्षा शिहान सरजू राम, ब्लैक बेल्ट 5वें डैन, जापान तथा सेंसई एम. प्रशांत, ब्लैक बेल्ट 3rd डैन, मलेशिया के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में कराया गया। इस दौरान प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को कराटे की विभिन्न तकनीकों और अनुशासन के महत्व की जानकारी दी।

समारोह में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय मुख्य अतिथि तथा अमरप्रीत सिंह काले विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए नियमित अभ्यास, अनुशासन और मेहनत को सफलता का आधार बताया। कार्यक्रम के दौरान एंकर कुमारी अंजलि ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से समारोह को जीवंत बनाए रखा। सिंगिंग बैंड पार्टी की संगीत एवं गायन प्रस्तुति ने भी विद्यार्थियों, अभिभावकों और अतिथियों का मनोरंजन किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद बेल्ट परीक्षा में सफल विद्यार्थियों के बीच प्रमाण-पत्र और नई कराटे बेल्ट का वितरण किया गया। वरिष्ठ ब्लैक बेल्ट प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र और बेल्ट प्रदान कर उनकी उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं। बेल्ट हासिल करने के बाद विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखा गया।

इस अवसर पर प्रशिक्षकों ने कहा कि कराटे सिर्फ आत्मरक्षा की तकनीक नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, सम्मान और शारीरिक फिटनेस विकसित करने का माध्यम भी है। शिक्षक दिवस के मौके पर गुरु-शिष्य परंपरा और शिक्षकों के प्रति सम्मान के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। समारोह के आयोजन में प्रशिक्षकों, वरिष्ठ ब्लैक बेल्ट सदस्यों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और आयोजन टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Post