जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला कामगार कांग्रेस कमेटी का रविवार को विस्तार किया गया। तिलक पुस्तकालय में आयोजित संगठन की बैठक में नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अरुण त्रिपाठी ने अपनी नियुक्ति के एक माह के भीतर गठित नई कमेटी की घोषणा की। कमेटी के विस्तार को लेकर प्रदेश अध्यक्ष शैलेश पांडेय के निर्देश के तहत संगठनात्मक स्तर पर आगे की रणनीति भी तय की गई।
नई जिला कमेटी में एक वरीय उपाध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष, तीन महासचिव, नौ सचिव, तीन सहायक सचिव तथा एक सोशल मीडिया प्रभारी को शामिल किया गया है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष शैलेश पांडेय ने कामगार कांग्रेस के संगठन विस्तार को लेकर जिला नेतृत्व को अगले तीन महीने का कार्यक्रम सौंपा। उन्होंने कहा कि अक्टूबर में प्रखंड स्तर पर सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद नवंबर में पंचायत और ग्रामसभा स्तर पर बैठकें कर अधिक से अधिक कामगारों को संगठन से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा।
शैलेश पांडेय ने कहा कि वर्ष 2027 की शुरुआत तक प्रत्येक बूथ पर कामगार कांग्रेस के कम से कम 10 कार्यकर्ताओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि गिग वर्कर्स और मनरेगा मजदूरों के बीच संगठन का विस्तार करने से कामगार कांग्रेस की पहुंच व्यापक होगी और निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय होकर कामगारों से जुड़ें और उनकी समस्याओं को संगठन के माध्यम से सामने लाएं। कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस सचिव ब्रजेंदर तिवारी, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष संजय सिंह आजाद, आशुतोष सिंह, जिलाध्यक्ष अरुण त्रिपाठी सहित कामगार कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

