Breaking
Sun. Sep 27th, 2026

गोविंदपुर में 24 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया

जमशेदपुर। गोविंदपुर थाना क्षेत्र के खेड़ाकांड में रविवार सुबह एक विवाहिता ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान बबिता तुरी (24) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में मातम पसर गया। बबिता के तीन छोटे बच्चे हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया गया कि रविवार सुबह बबिता को घर में फंदे से लटका देख परिजन घबरा गए। आनन-फानन में उसे फंदे से नीचे उतारा गया और इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर गोविंदपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम सोमवार को कराया जाएगा, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

परिजनों के अनुसार बबिता तीन बच्चों की मां थी। पति ने पुलिस को बताया कि बबिता की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थी और उसका इलाज भी चल रहा था। हालांकि, उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अब तक सामने नहीं आया है। पुलिस ने घटना के संबंध में परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Post