जमशेदपुर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर सेवा पखवाड़ा के तहत मेरा युवा भारत, पूर्वी सिंहभूम के युवा साथी यूथ क्लब की ओर से रविवार को गांधी आश्रम, बाराद्वारी स्थित सामुदायिक भवन में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 70 युवाओं और स्थानीय लोगों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई और नेत्र स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक परामर्श लिया।
शिविर में एएसजी आई हॉस्पिटल की टीम ने सहयोग करते हुए उपस्थित लोगों की आंखों की प्राथमिक जांच की। नेत्र चिकित्सक मुनिलाल कुमार ने दृष्टि और आंखों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं की जांच की। इस दौरान लोगों को आंखों की नियमित जांच कराने और किसी भी प्रकार की दृष्टि संबंधी परेशानी को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी गई।
एएसजी आई हॉस्पिटल के मार्केटिंग प्रमुख स्वप्निल ने लोगों को मोतियाबिंद के लक्षण, इसके संभावित कारणों और समय पर उपचार के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आंखों से जुड़ी समस्याओं की समय रहते पहचान और चिकित्सकीय परामर्श से गंभीर परेशानी से बचा जा सकता है। एमडी इमरान, पीआर मार्केटिंग और हर्ष कुमार, एआर टेक्नीशियन ने भी शिविर के संचालन में सहयोग किया।
कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी मोंटू पातर और युवा साथी यूथ क्लब के अध्यक्ष मानव घोष सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। शिविर के माध्यम से युवाओं और स्थानीय लोगों को नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए नियमित जांच, आंखों की उचित देखभाल और समय पर उपचार के लिए प्रेरित किया गया।

