Breaking
Sat. Sep 26th, 2026

बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में विवाद के बाद फायरिंग, तीन घायल, हमलावर फरार

जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल परिसर में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब उडुपी रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे तीन लोगों के साथ कुछ युवकों का विवाद हो गया। विवाद के बाद पहले दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई और इसके बाद तीन से चार युवकों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

घायलों की पहचान डोमिनिक सैमसन, एमडी रिजवान और एमडी दिलशाद के रूप में हुई है। डोमिनिक सैमसन आदित्यपुर, एमडी रिजवान आजादनगर और एमडी दिलशाद कपाली के रहने वाले बताए जा रहे हैं। तीनों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डोमिनिक सैमसन को झामुमो नेता के साथ जमीन कारोबार से जुड़े व्यक्ति के रूप में भी बताया जा रहा है।

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, डोमिनिक सैमसन, एमडी रिजवान और एमडी दिलशाद बिंदल मॉल स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां तीन से चार युवक पहुंचे। किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और युवकों ने तीनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद अचानक फायरिंग कर दी गई। गोली चलने के बाद मॉल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, तीनों घायलों का पूर्व में आपराधिक इतिहास भी रहा है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक उनके आपराधिक रिकॉर्ड या घटना में उसकी भूमिका को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मॉल परिसर और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना की पूरी जानकारी जुटाने का प्रयास किया। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि फायरिंग में शामिल युवकों की पहचान की जा सके।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई थी और हमलावर अपने साथ हथियार लेकर क्यों पहुंचे थे। पुलिस के लिए घायलों का बयान भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके बयान के आधार पर घटना के कारण और आरोपियों की पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Post