Breaking
Sat. Sep 26th, 2026

बिंदल मॉल के पास तीन युवकों को घेरकर मारपीट, फिर हुई फायरिंग, तीन घायल

जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के पास शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तीन लोगों को कुछ लोगों ने घेरकर पहले मारपीट की और इसके बाद फायरिंग कर दी। गोली लगने से तीनों घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। घायलों की पहचान सोनारी निवासी के रूप में बताई जा रही है। इनमें डोमिनिक सैमसन भी शामिल हैं। डोमिनिक सैमसन को झामुमो से जुड़े नेता होने के साथ जमीन कारोबार से जुड़े व्यक्ति के रूप में बताया जा रहा है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में घायलों का इलाज चल रहा है। गोली लगने से घायल तीनों की स्थिति को लेकर फिलहाल पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।

बताया जा रहा है कि शनिवार को बिंदल मॉल के समीप तीनों लोग मौजूद थे। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और उन्हें घेर लिया। पहले उनके साथ मारपीट की गई और विवाद बढ़ने के बाद अचानक गोली चला दी गई। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और हमलावर किस वाहन से पहुंचे थे। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

पुलिस फिलहाल फायरिंग के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। जमीन कारोबार, पुरानी रंजिश या किसी अन्य विवाद को लेकर घटना हुई है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार घायलों के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मरीन ड्राइव और बिंदल मॉल के आसपास पुलिस की गतिविधियां बढ़ा दी गई हैं।

Related Post