Breaking
Thu. Sep 24th, 2026

नारकोटिक्स विभाग का अधिकारी बनकर 31.90 लाख की लूट, चतरा पुलिस ने पांच आरोपियों को दबोचा

चतरा। वशिष्ठनगर थाना क्षेत्र में खुद को नारकोटिक्स विभाग का कर्मचारी बताकर 31.90 लाख रुपये की लूट करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच कथित सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूट की वारदात में इस्तेमाल किया गया काले रंग का थार वाहन और कुल 70 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार 7 सितंबर 2026 को पत्थलगड़ा थाना क्षेत्र के बरवाडीह गांव निवासी ललन कुमार, उम्र करीब 28 वर्ष, ने वशिष्ठनगर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि अज्ञात अपराधियों ने खुद को नारकोटिक्स विभाग का स्टाफ बताकर उनके साथ धोखाधड़ी की और 31 लाख 90 हजार रुपये लूट लिए। मामले में वशिष्ठनगर थाना कांड संख्या 131/2026 दर्ज करते हुए बीएनएस की धारा 319(2) और 310(2) के तहत अनुसंधान शुरू किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए चतरा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल यानी एसआईटी का गठन किया गया। पुलिस टीम ने जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर मिली सूचनाओं के आधार पर कटैया जंगल से रंगु कुमार और अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक दोनों से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर जोरी थाना क्षेत्र के कंगुरूवा जंगल से प्रिंस कुमार यादव, अविनाश कुमार और बजरंगी कुमार उर्फ रंगा को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूट की घटना में इस्तेमाल काले रंग का थार वाहन बरामद किया है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर JH 02BK 0166 है। इसके अलावा रंगु कुमार के पास से 30 हजार रुपये, अभिषेक कुमार के पास से 20 हजार रुपये और प्रिंस कुमार यादव के पास से 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। इस तरह कुल 70 हजार रुपये की बरामदगी हुई है।

गिरफ्तार आरोपियों में रंगु कुमार गया जिले के धनगाई थाना क्षेत्र के महुंगाई गांव का रहने वाला है। अभिषेक कुमार भी गया जिले के धनगाई थाना क्षेत्र के सोखिया गांव का निवासी है। प्रिंस कुमार यादव गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के पिपराही गांव का रहने वाला है। वहीं अविनाश कुमार हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र के केदली कला गांव का निवासी है। बजरंगी कुमार उर्फ रंगा भी चौपारण थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है।

छापामारी दल में वशिष्ठनगर थाना प्रभारी पु0अ0नि0 अमित कुमार सिंह, प्रतापपुर थाना प्रभारी पु0अ0नि0 आलोक रंजन, ईटखोरी थाना प्रभारी पु0अ0नि0 अभिषेक कुमार, वशिष्ठनगर थाना के पु0अ0नि0 शिवा यादव, तकनीकी शाखा के आरक्षी वीरेंद्र यादव तथा थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और लूटी गई शेष रकम के संबंध में भी जांच कर रही है।

Related Post