हजारीबाग। जिले में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए 24 सितंबर को सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर जिले के सभी विद्यालयों में केजी से लेकर 12वीं कक्षा तक का पठन-पाठन कार्य एक दिन के लिए स्थगित रहेगा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग तथा भारत मौसम विज्ञान केंद्र, झारखंड, रांची की ओर से जारी विशेष मौसम बुलेटिन में राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसे देखते हुए हजारीबाग जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया है।
जिला प्रशासन के अनुसार आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत 24 सितंबर को जिले में संचालित सभी विद्यालयों को बंद रखने का निर्देश दिया गया है। इस दौरान केजी से 12वीं तक की कक्षाओं में किसी भी प्रकार का पठन-पाठन नहीं होगा। प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन को आदेश का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
जिला प्रशासन ने जिले के लोगों से खराब मौसम और भारी बारिश को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। आम लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने तथा मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनियों और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और किसी भी आपात स्थिति में आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

