जमशेदपुर, 23 सितंबर 2026: शहर की कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा को लेकर सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SCCI) ने बुधवार को वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब से मुलाकात कर विभिन्न सुझाव सौंपे। चैंबर ने व्यापारियों और उद्यमियों की सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण, साइबर अपराध की रोकथाम, सीसीटीवी निगरानी और पुलिस-जन सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया।
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर) मनोज कुमार ठाकुर और बिष्टुपुर थाना प्रभारी निरंजन कुमार भी मौजूद रहे।
व्यापारियों की सुरक्षा पर जोर
चैंबर ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों, बाजारों और औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग रखी। व्यापारियों से जुड़ी आपराधिक घटनाओं में त्वरित कार्रवाई, प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया को सुगम बनाने और शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई का सुझाव दिया गया।
चैंबर ने व्यापारिक क्षेत्रों में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता भी बताई।
यातायात और सड़क सुरक्षा को लेकर सुझाव
शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए चैंबर ने नो-पार्किंग क्षेत्रों में भारी वाहनों के परिचालन पर नियंत्रण, यातायात नियमों के प्रभावी पालन और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी की मांग की।
चैंबर ने दुर्घटना की स्थिति में शुरुआती महत्वपूर्ण समय के दौरान त्वरित पुलिस सहायता और घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
सीसीटीवी और तकनीक के बेहतर इस्तेमाल की मांग
चैंबर ने शहर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का अपराध नियंत्रण और आपराधिक घटनाओं की जांच में प्रभावी इस्तेमाल करने का सुझाव दिया। बाजारों, प्रमुख सड़कों और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था मजबूत करने तथा उपलब्ध तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग पर भी चर्चा हुई।
साइबर अपराध और नशे की समस्या पर भी चर्चा
बढ़ते साइबर अपराध को देखते हुए चैंबर ने व्यापारियों, उद्यमियों और आम नागरिकों के बीच साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई। साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई का भी सुझाव दिया गया।
इसके अलावा युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर नियंत्रण के लिए जागरूकता कार्यक्रम और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने की बात कही गई।
पुलिस-व्यापारी संवाद को मजबूत करने पर जोर
सिंहभूम चैंबर ने पुलिस प्रशासन और व्यापारिक समुदाय के बीच नियमित संवाद और समन्वय की व्यवस्था मजबूत करने की बात कही। चैंबर का कहना है कि इससे व्यापारियों की समस्याओं को समय पर समझने और उनके समाधान में मदद मिलेगी।
पर्व-त्योहारों को लेकर विशेष सुरक्षा व्यवस्था
एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने कहा कि शहर की कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस प्रशासन विभिन्न संस्थाओं के साथ नियमित समीक्षा बैठक कर समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।
एसएसपी ने कहा कि अपराध और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती, नियमित मॉनिटरिंग और गश्ती बढ़ाई जाएगी। यातायात व्यवस्था में सुधार और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने चैंबर के सुझावों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए दुकानदारों से दुकानों के बाहर सामान रखकर सड़क और फुटपाथ को संकरा नहीं करने की अपील की। साकची बाजार में फुटपाथी दुकानदारों के अतिक्रमण से होने वाली परेशानी के समाधान के लिए भी आवश्यक कदम उठाने की बात कही।
बैठक के दौरान चैंबर सदस्यों और व्यवसायियों ने शहर की विभिन्न समस्याओं से जुड़े सवाल और सुझाव एसएसपी के सामने रखे, जिनका उन्होंने जवाब दिया। चैंबर ने कहा कि शहर की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ संवाद और सहयोग की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।
बैठक में चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया, मानद महासचिव पुनीत कांवटिया, उपाध्यक्ष अनिल मोदी, राजीव अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, हर्ष बाकरेवाल, सचिव भरत मकानी, अंशुल रिंगसिया, बिनोद शर्मा, कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया, पूर्व अध्यक्ष विजय आनंद मूनका, विपिन अडेसरा, मनोज गोयल, चन्द्रकांत जटाकिया, मुकेश शर्मा, सतीश सिंह, संजय मिश्रा, अरूण अग्रवाल, प्रतीक अग्रवाल और पवन शर्मा समेत बड़ी संख्या में व्यवसायी, उद्यमी और चैंबर सदस्य मौजूद रहे।

