जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला थाना क्षेत्र स्थित काशिदा न्यू कॉलोनी में एक बेटे पर अपनी मां की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मामूली बात पर मां के सिर पर लकड़ी की कुंदी से वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। हत्या के बाद उसने शव को घर के एक कमरे में बंद कर दिया और करीब तीन दिनों तक किसी को इसकी भनक नहीं लगने दी। सोमवार की रात घर से तेज दुर्गंध उठने के बाद पड़ोसियों को संदेह हुआ और मामले का खुलासा हो गया। मृतका की पहचान 56 वर्षीय उमा गोस्वामी के रूप में हुई है। वह घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में चतुर्थवर्गीय कर्मचारी थीं।
पुलिस के मुताबिक उमा गोस्वामी अपने छोटे बेटे गोवर्धन गोस्वामी के साथ काशिदा न्यू कॉलोनी स्थित मकान में रहती थीं। उनका बड़ा बेटा गिरधारी गोस्वामी दुमका गांव में रहता है। पूछताछ में गोवर्धन ने पुलिस के सामने हत्या की बात स्वीकार करने की बात सामने आई है। बताया गया कि शनिवार की सुबह उमा ने बेटे से अस्पताल चलने को कहा था। इसी बात को लेकर गोवर्धन गुस्से में आ गया और उसने घर में रखी लकड़ी की कुंदी से मां के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया। पुलिस के अनुसार, गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही उमा की मौत हो गई।
मां की मौत के बाद आरोपी ने शव को घर के एक कमरे में रख दिया और बाहर से कुंडी लगा दी। इसके बाद वह घर के दूसरे कमरे में रहने लगा और सामान्य तरीके से बाहर आना-जाना करता रहा। बताया जाता है कि वह बाहर से खाना-पानी लेकर घर लौटता था, जिससे आसपास के लोगों को कई दिनों तक घटना की जानकारी नहीं हो सकी।
सोमवार की रात घर के आसपास अचानक तेज दुर्गंध फैलने लगी। पड़ोसियों को शक हुआ तो उन्होंने इसकी जानकारी मृतका की बेटी प्रमिला गोस्वामी को दी। प्रमिला मौके पर पहुंचीं और स्थिति संदिग्ध लगने पर घाटशिला पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस स्थानीय मुखिया और ग्रामीणों के साथ रात करीब 10.30 बजे काशिदा न्यू कॉलोनी स्थित घर पहुंची। पुलिस ने मकान का दरवाजा खुलवाया तो एक कमरे में बाहर से कुंडी लगी मिली। कमरा खोलने पर उमा गोस्वामी का शव मुंह के बल पड़ा मिला। शव से दुर्गंध निकल रही थी और वह सड़ने लगा था।
मृतका की छोटी बेटी प्रमिला गोस्वामी के लिखित आवेदन के आधार पर घाटशिला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) और 238(ए) के तहत मामला दर्ज कर गोवर्धन गोस्वामी को हिरासत में लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई लकड़ी की कुंदी भी बरामद कर ली है।
मंगलवार को घाटशिला महिला थाना प्रभारी मंजुश्री कुंकल अनुमंडल अस्पताल पहुंचीं और शव से संबंधित आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कराई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका के दामाद प्रेम कुमार पटना और राहुल सिंह नरसिंहगढ़ से अस्पताल पहुंचे। अस्पतालकर्मी बासुदेव सीट और समाजसेवी कालीराम शर्मा के सहयोग से शव को पोस्टमार्टम के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया। करमा पूजा के कारण मंगलवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। अब बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

