Breaking
Tue. Sep 22nd, 2026

उत्कल एक्सप्रेस से 8.1 किलो गांजा बरामद, चक्रधरपुर में आरपीएफ की कार्रवाई

चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिला के दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल मुख्यालय स्थित चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए उत्कल एक्सप्रेस से 8.1 किलो गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है। गांजा एक गहरे नीले रंग के ट्रॉली बैग में नौ पैकेटों में छिपाकर रखा गया था। बैग ट्रेन के बी-2 कोच में बर्थ के नीचे लावारिस हालत में मिला।

आरपीएफ के अनुसार, 20 सितंबर को ट्रेन संख्या 18477 उत्कल एक्सप्रेस में ड्यूटी कर रहे टीटीई अरविंद कुमार ने एक संदिग्ध ट्रॉली बैग के बारे में आरपीएफ को सूचना दी थी। ट्रेन के चक्रधरपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंचने के बाद आरपीएफ पोस्ट की टीम ने बी-2 कोच में जांच शुरू की। उपनिरीक्षक जयनंदन मिश्रा के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह, महिला कांस्टेबल रीना कुमारी और रबीना दास ने कोच की तलाशी ली।

जांच के दौरान बर्थ संख्या 28 के नीचे गहरे नीले रंग का ट्रॉली बैग बरामद हुआ। आरपीएफ जवानों ने आसपास बैठे यात्रियों से बैग के बारे में पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी उसे अपना नहीं बताया। इसके बाद बैग को प्लेटफॉर्म पर उतारकर आरपीएफ के वरीय अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। अधिकारियों की मौजूदगी में बैग खोलने पर उसके अंदर भूरे रंग की टेप से लिपटे नौ पैकेट मिले। पैकेट खोलने पर उनमें गांजा पाया गया।

आरपीएफ ने बरामद मादक पदार्थ को चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन के पार्सल कार्यालय ले जाकर वाणिज्यिक विभाग के अधिकारी अजय कुमार, वाणिज्यिक अधीक्षक की मौजूदगी में वजन कराया। सभी नौ पैकेटों का कुल वजन 8.1 किलो पाया गया। आरपीएफ ने गांजे की अनुमानित कीमत 4 लाख 5 हजार रुपये आंकी है।

आरपीएफ ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत जब्ती सूची तैयार कर गांजा जब्त कर लिया। इसके बाद बरामद मादक पदार्थ और संबंधित दस्तावेज आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेल पुलिस, चक्रधरपुर को सौंप दिए गए। मामले में जीआरपी चक्रधरपुर ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Post