रांची। बहुचर्चित कमल भूषण हत्याकांड के सरकारी गवाह मुनव्वर अफाक पर रविवार सुबह कांटाटोली चौक के पास हमला करने का प्रयास किया गया। बाइक सवार तीन अपराधियों ने सड़क किनारे खड़े मुनव्वर अफाक पर पिस्टल तानकर गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन गोली मिस फायर हो जाने से उनकी जान बच गई। घटना के बाद अपराधी नामकुम की ओर फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद लोअर बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।
मुनव्वर अफाक के अनुसार, रविवार सुबह करीब 8.15 बजे वह कांटाटोली चौक के पास सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन अपराधी वहां पहुंचे। उनमें से दो की पहचान एलेक्स और कटला के रूप में बताई गई है। मुनव्वर का दावा है कि दोनों कुख्यात अपराधी हैं और प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई से भी जुड़े रहे हैं। पुलिस इस दावे समेत हमले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मुनव्वर अफाक ने आशंका जताई है कि यह हमला कमल भूषण हत्याकांड में सजा काट रहे डब्लू कुजूर और राहुल कुजूर के इशारे पर कराया गया हो सकता है। उनका कहना है कि सरकारी गवाह बनने के बाद उन्हें पहले भी धमकियां मिली थीं। कमल भूषण हत्याकांड की सुनवाई के दौरान मुनव्वर की गवाही मामले में महत्वपूर्ण कड़ी रही थी। हालांकि हमले के पीछे वास्तविक कारण और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
कमल भूषण हत्याकांड में 22 सितंबर 2025 को अदालत ने फैसला सुनाते हुए राहुल कुजूर, डब्लू कुजूर और काविस अदनान को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। वहीं सरकारी गवाह बने मुनव्वर अफाक को अदालत ने बरी कर दिया था। मामले के अन्य आरोपी छोटू कुजूर समेत कुछ अन्य आरोपी अभी जेल में हैं और उनके खिलाफ मुकदमे की कार्रवाई चल रही है।
गौरतलब है कि 30 मई 2022 को पिस्का मोड़ स्थित देवी मंडप रोड में गैलेक्सिया मॉल के पास अपराधियों ने गोली मारकर कमल भूषण की हत्या कर दी थी। घटना के समय कमल भूषण किसी से फोन पर बातचीत कर रहे थे। जांच में जमीन के कारोबार, करोड़ों रुपये के लेन-देन और पारिवारिक विवाद से जुड़े पहलू सामने आए थे। बताया गया था कि कमल भूषण और डब्लू कुजूर साथ मिलकर जमीन का कारोबार करते थे और दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद था। इसी बीच डब्लू कुजूर के बेटे राहुल ने कमल भूषण की बेटी से प्रेम विवाह कर लिया था। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद और बढ़ गया था।
कमल भूषण की हत्या के बाद उसके अकाउंटेंट संजय कुमार से भी डब्लू कुजूर और राहुल द्वारा पैसे की मांग किए जाने की बात सामने आई थी। संजय कुमार कमल भूषण के आर्थिक मामलों की देखरेख करते थे। पैसे देने से इनकार करने के बाद उनकी भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस अब मुनव्वर अफाक पर हुए हमले के प्रयास को इन पुराने मामलों से जोड़कर भी जांच कर रही है।

