Breaking
Sat. Sep 19th, 2026

महिला संबंधी अपराध में लंबे समय से फरार अभियुक्त गिरफ्तार

हजारीबाग। महिला संबंधी अपराध के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे अभियुक्त को हजारीबाग पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग के निर्देश पर महिला संबंधी अपराधों के लंबित मामलों में फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत कटकमसांडी थाना कांड संख्या 194/25, दिनांक 12 सितंबर 2025 के मामले में फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई थी। तकनीकी एवं अन्य उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले के फरार अभियुक्त रोशन कुमार, पिता सुंदर राम, निवासी सेक्टर-4, वैशाली, थाना कौशांबी, जिला गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ कटकमसांडी थाना में BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिसम्मत कार्रवाई पूरी करते हुए अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

छापेमारी दल में कटकमसांडी थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक अनुपम प्रकाश, पुलिस अवर निरीक्षक विरजा कुजूर, चालक आरक्षी नंदलाल कुमार सहित थाना के सशस्त्र बल शामिल थे। महिला संबंधी अपराध होने के कारण पुलिस ने पीड़िता की पहचान गोपनीय रखते हुए उसका नाम, पता अथवा पहचान उजागर करने वाली कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

Related Post