खूंटी। खूंटी पुलिस ने अंतरजिला स्तर पर सक्रिय मोटरसाइकिल चोरी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की 19 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इसके अलावा एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन, दो मास्टर चाबी और आठ मोबाइल फोन भी पुलिस के हाथ लगे हैं। बरामद मोटरसाइकिलों में कई पर फर्जी नंबर प्लेट लगाए गए थे।
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर को खूंटी के एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि सायको थाना क्षेत्र में अंतरजिला बाइक चोरी गिरोह से जुड़े कुछ लोग चोरी की मोटरसाइकिलों को फर्जी नंबर प्लेट के साथ बिक्री के लिए एकत्र हुए हैं। सूचना की पुष्टि के बाद एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सायको और अड़की थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर गिरोह से जुड़े आठ लोगों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरुदयाल मुंडा उर्फ पनसउ मुंडा, इसरायल पूर्ति, मनमसीह पूर्ति उर्फ डेरो, मसीह मुंडा, मोहन लोहार, एतवा मुंडा, समराय होरो और जयराम मुंडा उर्फ जावरा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में खूंटी और सरायकेला-खरसावां जिले के रहने वाले लोग शामिल हैं। पूछताछ में गिरोह के अंतरजिला स्तर पर बाइक चोरी और उनकी खरीद-बिक्री में संलिप्त होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने इस संबंध में सायको थाना में कांड संख्या 15/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब बरामद मोटरसाइकिलों के वास्तविक मालिकों और चोरी के स्थानों का पता लगाने के साथ फर्जी नंबर प्लेट तैयार करने वाले नेटवर्क की भी जांच कर रही है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

