पलामू। चैनपुर थाना क्षेत्र के पनेरीबांध से लापता हुई 12 वर्षीय बच्ची और उसकी 11 वर्षीय बुआ को पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के भीमगड़ा से सकुशल बरामद कर लिया। दोनों बच्चियां लकड़ी चुनने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। जब दोनों का कोई पता नहीं चला तो मामले की जानकारी चैनपुर थाना पुलिस को दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों की तलाश के लिए विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी और खोजबीन शुरू की। लापता बच्चियों के इलाके में कई तालाब होने के कारण पुलिस ने किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए गोताखोरों की मदद से तालाबों में भी तलाशी अभियान चलाया।
इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि दोनों बच्चियां सदर थाना क्षेत्र के भीमगड़ा इलाके में देखी गई हैं। सूचना के आधार पर चैनपुर थाना प्रभारी लालजी के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल भीमगड़ा पहुंची और दोनों बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि दोनों पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकल गई थीं। घरेलू काम को लेकर परिजनों की ओर से उन्हें डांट-फटकार लगाई जाती थी, जिससे नाराज होकर दोनों ने घर छोड़ने का फैसला किया। दोनों पहले ट्रेन से लातेहार पहुंचीं। वहां कुछ समय रहने के बाद जब उनके पास मौजूद पैसे खत्म हो गए तो वे वापस लौट आईं और भीमगड़ा इलाके में रहने लगीं। पुलिस ने दोनों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

