चतरा। कुंदा थाना क्षेत्र के बेसरा गांव में झाड़ियों से नाबालिग लड़की का शव बरामद होने के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंदा थाना क्षेत्र के बानासाम टोला पाठकडीह निवासी कमलेश भारती (22) और मनोज कुमार (19) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों ने पूछताछ के दौरान घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर को तीज पर्व के अवसर पर गांव में डीजे बज रहा था। इसी दौरान नाबालिग लड़की डीजे देखने पहुंची थी। आरोप है कि अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों आरोपी उसे खींचकर झाड़ियों की ओर ले गए। वहां दोनों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। इसके बाद नाबालिग की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में छोड़ दिया।
15 सितंबर की दोपहर पुलिस को बेसरा गांव की झाड़ियों में नाबालिग का शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही कुंदा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल से फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की, जिसके बाद दोनों को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर नाबालिग का लाल रंग का टॉर्च और हेयर पिन बरामद किया है। इसके अलावा घटना के दिन आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े तथा आरोपी कमलेश भारती के पास से लावा कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
इस संबंध में कुंदा थाना कांड संख्या 62/26, दिनांक 16 सितंबर 2026 को बीएनएस की धारा 70, 64, 103(1), 3(5) तथा पोक्सो एक्ट की धारा 4/6 के तहत मामला दर्ज किया गया है। छापेमारी अभियान में कुंदा थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार, सहायक अवर निरीक्षक अशोक कुमार मंडल, नागेश्वर पंडित, मुनेश्वर चौधरी, कुंदा थाना के सशस्त्र बल और चतरा की तकनीकी शाखा के कर्मी शामिल थे।

