हजारीबाग। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ओसरिया में बंद घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण समेत कीमती सामान चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी जाफर अंसारी को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने करीब 29 ग्राम सोने और 450 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। बरामद जेवरात की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को सखिया पोस्ट के ओसरिया निवासी जिन्नत प्रवीण के बंद घर को चोरों ने निशाना बनाया था। घर का ताला तोड़कर आरोपी सोने के आभूषण सहित कई कीमती सामान लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पीड़िता के लिखित आवेदन पर मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 157/26 दर्ज किया गया। मामले में 16 सितंबर को बीएनएस की धारा 331(3) और 305 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर एसडीपीओ रूपक कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम में मुफस्सिल थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह सहित पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के साथ इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके आधार पर पुलिस को एक संदिग्ध के बारे में सुराग मिला और उसकी पहचान जाफर अंसारी के रूप में हुई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जाफर अंसारी को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पुलिस के मुताबिक आरोपी ने चोरी की घटना में मो. फिरोज अंसारी उर्फ सोनू के शामिल होने की जानकारी दी। आरोपी की निशानदेही पर चोरी के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस अब फरार बताए जा रहे मो. फिरोज अंसारी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार जाफर अंसारी का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मुफस्सिल थाना में पूर्व में दो मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2025 में दर्ज कांड संख्या 159/25 भी शामिल है, जिसमें बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
छापेमारी और चोरी के मामले के उद्भेदन में सदर एसडीपीओ रूपक कुमार, मुफस्सिल थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक बिंदेश्वर महतो, सहायक अवर निरीक्षक उषा कुमारी के अलावा तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी और मुफस्सिल थाना के सशस्त्र बल की भूमिका रही।

