चाईबासा: चाईबासा विधानसभा के सदर प्रखंड अंतर्गत कोंकोसी गांव में पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई का ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। गांव पहुंचने पर बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवाओं ने जाफूल बुके तथा ढोल-नगाड़ों के साथ उनका अभिनंदन किया। इसके बाद गांव में आयोजित जनसभा में ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को पूर्व मंत्री के समक्ष रखा।
बड़कुंवर गागराई ने कहा कि एक दिन पहले कोंकोसी गांव का प्रतिनिधिमंडल उनके आवास पर आया था। प्रतिनिधिमंडल ने गांव और आसपास के क्षेत्र की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया और गांव आने का निमंत्रण दिया था। इसी के बाद वह ग्रामीणों से मिलने और समस्याओं को खुद देखने कोंकोसी पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि कोंकोसी गांव में उनका यह पहला कदम है और ग्रामीणों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं की समस्याएं रखीं। ग्रामीणों का कहना था कि इन सुविधाओं की कमी के कारण रोजमर्रा के जीवन में काफी परेशानी होती है। गागराई ने कहा कि ग्रामीणों की मांगों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा और समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।
इस दौरान कोंकोसी के सरना स्थल की स्थिति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि सरना स्थल की घेराबंदी नहीं होने के कारण यह असुरक्षित है और अतिक्रमण का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने स्थल की पक्की घेराबंदी, सुंदरीकरण और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। यहां पूजा-अर्चना के दौरान बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और रोशनी की सुविधा नहीं है। ग्रामीणों ने सरना स्थल के चारों ओर पौधारोपण, टाइल्स लगाने, चबूतरा और प्रवेश द्वार बनाने की भी मांग रखी।
गागराई ने कहा कि सरहुल और करमा जैसे पर्वों के दौरान यहां बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटते हैं, ऐसे में स्थल का विकास जरूरी है। उन्होंने स्थानीय विधायक सह मंत्री दीपक बिरुवा और झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार गांवों के विकास और आदिवासी समाज के हित की बात करती है, लेकिन कोंकोसी जैसे गांवों में आज भी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दे रही है तो सड़क, पानी, बिजली, स्वास्थ्य और धार्मिक-सांस्कृतिक स्थलों की समस्याओं का समाधान जमीन पर दिखाई देना चाहिए।
उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों और सरकार के समक्ष रखा जाएगा।
मौके पर जिला परिषद सदस्य एवं भाजपा वरिष्ठ नेत्री राजश्री बानरा, दुनिया कुंभार सहित अन्य सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

