गम्हरिया। सरायकेला-खरसावां जिले के छोटा गम्हरिया पंचायत अंतर्गत वाल्मीकि नगर के वार्ड संख्या 10 स्थित रोड संख्या 02 में रहने वाले लोगों को पिछले छह वर्षों से सड़क निर्माण का इंतजार है। सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर दूरदर्शन संवाददाता अनूप मिश्रा ने बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री सह सरायकेला विधायक चंपई सोरेन से मुलाकात की और उन्हें सड़क निर्माण की मांग को लेकर आवेदन सौंपा। आवेदन प्राप्त करने के बाद विधायक ने सड़क निर्माण कराने का आश्वासन दिया।
अनूप मिश्रा ने बताया कि रोड संख्या 02 में उनके परिवार के अलावा करीब 20 अन्य परिवार रहते हैं। पूरे मोहल्ले में लगभग 100 लोगों की आबादी है, जिसमें नवजात बच्चों से लेकर 96 वर्ष तक के बुजुर्ग शामिल हैं। करीब 700 मीटर लंबी और 16 फीट चौड़ी सड़क के अभाव में स्थानीय लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। बरसात के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है। सड़क पर पानी जमा होने के साथ कीचड़ और फिसलन के कारण लोगों के गिरने और चोटिल होने की घटनाएं भी होती रहती हैं।
स्थानीय लोगों ने आवागमन सुचारु रखने के लिए अपने स्तर से कई बार अस्थायी उपाय किए हैं। सड़क के गड्ढों को भरने के लिए कंपनी से निकलने वाले कचरे का इस्तेमाल किया गया, लेकिन इससे समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। मोहल्लेवासियों का कहना है कि सड़क के साथ नाली का भी निर्माण कराया जाना जरूरी है, ताकि जलजमाव की समस्या दूर हो सके।
अनूप मिश्रा के अनुसार सड़क निर्माण की मांग को लेकर 11 अगस्त 2020 को तत्कालीन उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां को लिखित आवेदन दिया गया था। इस संबंध में ज्ञापन संख्या 226/वि०, सरायकेला, दिनांक 5 सितंबर 2020 का भी उल्लेख किया गया है। इसके बावजूद छह वर्ष बीतने के बाद भी सड़क निर्माण नहीं हो सका। पुराने आवेदन की छायाप्रति भी बुधवार को विधायक को सौंपे गए प्रार्थना पत्र के साथ संलग्न की गई। विधायक के आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों में सड़क निर्माण की उम्मीद जगी है।

