चाईबासा: गणेश पूजा महोत्सव को लेकर बुधवार को पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार ने चाईबासा शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूजा पंडालों में सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।
उपायुक्त ने टुंगरी, बीएसएनएल कार्यालय चौक, गाड़ीखाना और गणेश मंदिर-बड़ी बाजार क्षेत्र स्थित विभिन्न पूजा पंडालों का भ्रमण किया। उन्होंने पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। मौके पर मौजूद पदाधिकारियों से भी व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार ने संबंधित पदाधिकारियों को गणेश पूजा के दौरान शहर में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। उन्होंने किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां रखने को कहा। साथ ही पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाकर पूजा महोत्सव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर जोर दिया।
उपायुक्त ने विभिन्न पूजा पंडालों में भगवान गणेश की पूजा-अर्चना भी की। उन्होंने जिलेवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की तथा गणेश पूजा महोत्सव की शुभकामनाएं दीं।
प्रशासन की ओर से पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर आवश्यक तैयारियां की गई हैं। भीड़ वाले क्षेत्रों में व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता ईरा जोरवाल, सदर चाईबासा अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, गोपनीय प्रभारी कुमार हर्ष और सदर चाईबासा अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

