बोकारो। चास थाना क्षेत्र के बेदीताड़ इलाके में मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन और पेंडेंट झपट लिया। घटना जोधाडीह मोड़ से करीब 200 मीटर की दूरी पर हुई। महिला के अनुसार, छीनी गई चेन करीब 12 ग्राम की थी, जबकि चेन और पेंडेंट की कुल कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई जा रही है।
कैलाश बिहार निवासी विभा मालाकार मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे सब्जी खरीदने के लिए घर से निकली थीं। सब्जी खरीदकर वापस लौटने के दौरान जैसे ही वह बेदीताड़ स्थित अपनी गली में पहुंचीं, वहां पहले से बाइक लेकर दो युवक खड़े थे। महिला के गली में प्रवेश करते ही दोनों युवकों ने बाइक से उनका रास्ता रोकने का प्रयास किया। इससे वह दीवार के किनारे पहुंच गईं। इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठे युवक ने अचानक उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन और उसमें लगा पेंडेंट छीन लिया।
वारदात के बाद दोनों बदमाश बाइक से तेजी से फरार हो गए। अचानक हुई झपटमारी से महिला घबरा गईं और उन्होंने तत्काल चास थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला से घटना की पूरी जानकारी लेने के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की।
पुलिस बदमाशों तक पहुंचने के लिए घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने के साथ उनके भागने के रास्ते और बाइक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। महिला ने चेन की कीमत करीब डेढ़ से दो लाख रुपये तथा पेंडेंट की कीमत 15 से 20 हजार रुपये बताई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

