चतरा। भ्रष्टाचार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), हजारीबाग की टीम ने मंगलवार को चतरा सदर अंचल क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व कर्मचारी सतीश प्रसाद को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि कर्मचारी म्यूटेशन से संबंधित काम कराने के एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया और आरोप सही पाए जाने पर जाल बिछाकर कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, चतरा सदर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित कर्मचारी भवन में मंगलवार को एसीबी की टीम पहले से तैयार योजना के तहत पहुंची। शिकायतकर्ता के माध्यम से रिश्वत की रकम कर्मचारी तक पहुंचाए जाने के बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सतीश प्रसाद को 10 हजार रुपये लेते पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी कर्मचारी को अपने साथ ले गई और उससे पूछताछ शुरू की।
कार्रवाई के दौरान एसीबी अधिकारियों ने कर्मचारी के कार्यालय से संबंधित दस्तावेज और राजस्व अभिलेखों की भी जांच की। टीम यह पता लगाने में जुटी है कि रिश्वत की मांग केवल संबंधित म्यूटेशन के मामले में की गई थी या राजस्व संबंधी अन्य कार्यों में भी इस तरह की शिकायतें सामने आई हैं। कार्यालय परिसर में एसीबी की कार्रवाई की जानकारी मिलते ही कर्मचारियों और लोगों के बीच हड़कंप मच गया।

