कोलकाता। पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए। नंदीग्राम जैसी हाई प्रोफाइल सीट से भाजपा ने हासीरानी रथ को मैदान में उतारा है। हासीरानी रथ मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के दिवंगत निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की मां हैं। वहीं मुर्शिदाबाद की रेजीनगर सीट से शाखारव सरकार को उम्मीदवार बनाया गया है।
भाजपा प्रत्याशी घोषित होने के बाद नंदीग्राम में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। हासीरानी रथ मंगलवार को समर्थकों के साथ जुलूस के रूप में नामांकन दाखिल करेंगी। इस दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के भी मौजूद रहने की बात कही गई है। भाजपा ने नामांकन के बहाने नंदीग्राम में बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी की है।
हासीरानी रथ लंबे समय से स्थानीय राजनीति में सक्रिय रही हैं। वर्ष 1998 से राजनीति में रहने के दौरान वह दो बार पंचायत सदस्य और तीन बार पंचायत समिति की सदस्य रह चुकी हैं। उनके बेटे चंद्रनाथ रथ मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक थे। विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद मई में गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी। यह घटना शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से दो दिन पहले हुई थी।
नंदीग्राम सीट पर उपचुनाव शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे के कारण हो रहा है। हालिया विधानसभा चुनाव में उन्होंने नंदीग्राम के साथ भवानीपुर सीट से भी जीत दर्ज की थी। एक व्यक्ति के एक ही विधानसभा सीट का सदस्य रहने के प्रावधान के तहत उन्होंने नंदीग्राम सीट छोड़ दी थी। इसके बाद यह सीट रिक्त हो गई और अब यहां उपचुनाव कराया जा रहा है।
नंदीग्राम में भाजपा के अलावा अन्य राजनीतिक दल भी अपने प्रत्याशी मैदान में उतार चुके हैं। तृणमूल कांग्रेस के दोनों गुटों के अलावा वाममोर्चा और कांग्रेस की ओर से भी उम्मीदवार घोषित किए जा चुके हैं। ऐसे में हासीरानी रथ की उम्मीदवारी के बाद नंदीग्राम का मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।
दोनों सीटों पर छह अक्टूबर को मतदान होना है, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 16 सितंबर निर्धारित है। भाजपा के उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही पश्चिम बंगाल की दोनों सीटों पर चुनावी सरगर्मी और बढ़ गई है। खासकर नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी की सक्रिय मौजूदगी और हासीरानी रथ की उम्मीदवारी को भाजपा की रणनीति के अहम हिस्से के रूप में देखा जा रहा है।

