Breaking
Tue. Sep 15th, 2026

तेज रफ्तार आयशर वैन स्वर्णरेखा कैनाल में घुसी, चालक सुरक्षित

चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के गांगूडीह में मंगलवार को बड़ा हादसा टल गया। डैम रोड के पास स्वर्णरेखा कैनाल में एक आयशर वैन अनियंत्रित होकर जा घुसी। दुर्घटना में वाहन चालक बाल-बाल बच गया और उसे किसी तरह की चोट नहीं आई।

जानकारी के अनुसार, आयशर वैन अनुमंडल मुख्यालय की ओर से चांडिल की तरफ जा रही थी। गांगूडीह के समीप पहुंचते ही चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद वैन सड़क किनारे स्थित स्वर्णरेखा कैनाल में जा गिरी। स्थानीय लोगों के अनुसार, वाहन में बालू लदा हुआ था और आशंका जताई जा रही है कि बालू अवैध रूप से ले जाया जा रहा था। बताया गया कि चालक तेज गति से वाहन चला रहा था, इसी दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया।

कैनाल में फिलहाल पानी कम होने के कारण आयशर वैन पूरी तरह पानी में नहीं डूबी, जिससे चालक को समय रहते बाहर निकलने का मौका मिल गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलने पर चांडिल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन की स्थिति का जायजा लिया और घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों के साथ वाहन में लदे बालू से संबंधित मामले की भी जांच कर रही है।

Related Post