Breaking
Sun. Sep 13th, 2026

वन लाइफ रिमेनिंग’ का ट्रेलर लॉन्च, 20 सितंबर को YouTube पर रिलीज़ होगी वेब सिरीज़

जमशेदपुर: फिल्म निर्माता, निर्देशक और लेखक प्रसनजीत महतो की बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज ‘वन लाइफ रिमेनिंग’ (One Life Remaining) का आधिकारिक ट्रेलर रविवार को रूसी मोदी सेंटर फॉर एक्सीलेंस में लॉन्च किया गया। छह एपिसोड की इस वेब सिरीज़ को 20 सितंबर को YouTube पर रिलीज़ किया जाएगा। प्रसनजीत महतो के मुताबिक यह झारखंड की पहली हॉरर वेब सिरीज़ है।

ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर की। कार्यक्रम में करीम सिटी कॉलेज के मास कम्युनिकेशन विभाग की एचओडी नेहा तिवारी, जीआर 8 के कुमार विवेक, समाजसेविका पूर्वी घोष के अलावा प्रसनजीत महतो के पिता बीएच महतो और माता शारदा देवी मौजूद रहीं। अतिथियों ने पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं और वेब सीरीज की सफलता की कामना की।

जमशेदपुर के कलाकारों ने निभाई अहम भूमिका

‘वन लाइफ रिमेनिंग’ में अत्रि भट्टाचार्य, कुणाल सेमीग्रही, सुभाशीष घोष, साईं सुजल, पी दामिनी, पी यामिनी और रोनी फिलिप्स मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। खास बात यह है कि वेब सीरीज से जुड़े सभी प्रमुख कलाकार जमशेदपुर के हैं। सीरीज की शूटिंग भी जमशेदपुर के अलग-अलग इलाकों में की गई है।

प्रसनजीत महतो इससे पहले वर्ष 2020 में ‘द बॉस’ (The Boss) नाम से कॉमेडी फिल्म बना चुके हैं। इस फिल्म का बैकग्राउंड म्यूजिक भी उन्होंने तैयार किया था। अब हॉरर जॉनर के साथ वेब सीरीज के क्षेत्र में उनकी नई कोशिश सामने आई है।

जिंदगी के आखिरी दांव पर हार न मानने की कहानी

प्रोजेक्ट के बारे में प्रसनजीत महतो ने कहा कि ‘वन लाइफ रिमेनिंग’ उनके दिल के बेहद करीब है। उनके अनुसार, यह सिर्फ एक नाम नहीं बल्कि उन लोगों की कहानी है जो जिंदगी के आखिरी दांव तक हार नहीं मानते।

उन्होंने बताया कि वेब सीरीज में कुल छह एपिसोड हैं और पूरी सीरीज की शूटिंग जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों में की गई है। टीम 20 सितंबर को पूरी वेब सीरीज YouTube पर रिलीज करने की तैयारी में है।

स्थानीय प्रतिभाओं की टीम ने तैयार की सीरीज

वेब सीरीज के लेखक, निर्देशक, निर्माता और संपादक प्रसनजीत महतो हैं। शिव शंकर ठाकुर ने डीओपी की जिम्मेदारी संभाली है। ध्वनि संयोजन तुषार कांगड़कर ने किया, जबकि मेकअप आर्टिस्ट की भूमिका प्रीतम मन्ना ने निभाई है। वेब सीरीज के वीएफएक्स का काम रोहित कुमार ने किया है।

ट्रेलर लॉन्च के साथ ही ‘वन लाइफ रिमेनिंग’ को लेकर स्थानीय स्तर पर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है। अब 20 सितंबर को YouTube पर सीरीज की रिलीज के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि जमशेदपुर की स्थानीय प्रतिभाओं से तैयार यह हॉरर वेब सीरीज दर्शकों को कितना पसंद आती है।

Related Post