चाईबासा: सामाजिक संस्था ब्लेंडर बाबा ग्रुप की बैठक रविवार को तांबो चौक में रॉबिनशन सिरका की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सर्वसम्मति से संगठन का पुनर्गठन किया गया। साथ ही संस्था का नाम बदलकर ‘कोल्हान सागोम सेवा ग्रुप’ रखने का निर्णय लिया गया।
बैठक में जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए दो एंबुलेंस और एक डेडबॉडी फ्रीजर खरीदने का निर्णय लिया गया। सदस्यों ने कहा कि संस्था की ओर से पहले भी एक एंबुलेंस का संचालन किया जाता था। अब एंबुलेंस की संख्या बढ़ाकर दो की जाएगी। इसके अलावा शव को कुछ समय तक सुरक्षित रखने के लिए डेडबॉडी फ्रीजर की व्यवस्था की जाएगी। बैठक में कहा गया कि इसके अभाव में जरूरतमंद परिवारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
*तुरतुंग पिंगुवा बने अध्यक्ष*
पुनर्गठित कोल्हान सागोम सेवा ग्रुप में तुरतुंग पिंगुवा को अध्यक्ष, परमानंद बिरुवा को सचिव, संजय बानरा को उपाध्यक्ष और सतीश तामसोय को वाहन कोषांग की जिम्मेदारी दी गई।
संगठन के कामकाज की निगरानी के लिए निगरानी समिति का भी गठन किया गया। इसमें परमेश्वर हेंब्रम, किशोर तामसोय, जागाए होनहागा, मुकरू हेंब्रम, परमानंद बिरुवा और विश्वनाथ गोप को शामिल किया गया।
वहीं कार्यकारिणी समिति में सनातन चातर, रॉबिनशन सिरका, डॉ. शिवलाल कुंकल, डॉ. दिनेश सावैयां, डॉ. प्रिंस पिंगुवा, मनाय बारी, सतीश पिंगुवा, गोपाल बोदरा, उपेंद्रनाथ बिरुवा, शंकर सावैयां, अरविंद बिरुवा और मंगल तिरिया को शामिल किया गया।
बैठक में सदस्यों ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य जनहित और समाजसेवा से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाना है। एंबुलेंस और डेडबॉडी फ्रीजर की सुविधा से जरूरतमंद परिवारों को समय पर सहायता मिल सकेगी।

