चाईबासा। जेपीएससी-जेएसएससी की प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर भाजपा की ओर से चाईबासा में किए गए प्रदर्शन पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने रविवार को प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भाजपा को युवाओं के भविष्य की चिंता है तो आरोप लगाने के बजाय नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े ठोस तथ्य जनता के सामने रखने चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी परीक्षा या नियुक्ति में शिकायत अथवा अनियमितता का प्रमाण मिलता है तो सरकार उसकी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई के लिए तैयार है।
बुधराम लागुरी ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार युवाओं को रोजगार और पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा को केंद्र में अपने लंबे शासनकाल के दौरान बेरोजगारी और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी समस्याओं से निपटने के लिए उठाए गए कदमों का भी हिसाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों की शिकायतों को सरकार गंभीरता से लेती है, लेकिन हर नियुक्ति प्रक्रिया को राजनीतिक मुद्दा बनाना उचित नहीं है।
पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा के परिवार के साथ अन्याय संबंधी बयान पर उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों के बच्चों की शिक्षा और रोजगार की चिंता सभी की जिम्मेदारी है। युवाओं को राजनीतिक भाषण नहीं, बल्कि पारदर्शी प्रक्रिया, समयबद्ध नियुक्ति और रोजगार के अवसर चाहिए। उन्होंने भाजपा से ठोस प्रमाण सार्वजनिक करने की मांग की।

