Breaking
Sun. Sep 13th, 2026

बागबेड़ा में अवैध देशी शराब की बड़ी खेप पकड़ी, बोलेरो से 330 लीटर शराब बरामद, दो गिरफ्तार

जमशेदपुर। बागबेड़ा थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए गए अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 330 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब की तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक बोलेरो वाहन को जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भुईयाडीह ग्वाला बस्ती निवासी 31 वर्षीय विकास विशाल उर्फ छोटू और भुईयाडीह कानू भट्ठा, बल्ले चौक के पास रहने वाले करीब 40 वर्षीय धीरेन तांती उर्फ पिंटू के रूप में हुई है।

रविवार को डीएसपी विधि व्यवस्था सुमित कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि बागबेड़ा थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर मोड़ से काले रंग की बोलेरो में अवैध देशी शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर उनके नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने सूचना के सत्यापन के लिए जगन्नाथपुर मोड़ स्थित शिव मंदिर के पास वाहन जांच शुरू की।

इसी दौरान करीब 2.15 बजे काले रंग की बोलेरो संख्या JH05ED-0736 वहां पहुंची। पुलिस को देखते ही चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस बल ने पीछा कर वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान बोलेरो की बीच और पीछे की सीटों पर रखे 11 बोरों से कुल 330 लीटर अवैध देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने वाहन में सवार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और 7,550 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार इस अवैध शराब कारोबार में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। मामले में बागबेड़ा थाना कांड संख्या तहत बीएनएस की धारा 274/275 तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए)/55 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

अभियान में डीएसपी विधि व्यवस्था सुमित कुमार, बागबेड़ा थाना प्रभारी उमेश ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक जेवियर होरो, अरुण कुमार सहित पुलिसकर्मी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Related Post