Breaking
Sat. Sep 12th, 2026

कदमा में चापड़ से हमला और बंद घर में चोरी का खुलासा, तीन गिरफ्तार

जमशेदपुर। कदमा थाना क्षेत्र में हुई चापड़ से हमला और बंद घर में चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हमले के मामले में दो आरोपियों के पास से खून लगा स्टील का चापड़ बरामद किया है, जबकि चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर करीब 10 लाख रुपये मूल्य के कांसा, पीतल, सोने और चांदी के सामान बरामद किए गए हैं।

सिटी एसपी ललित मीणा ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 10 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 स्थित बाबा फर्नीचर के सामने मुख्य सड़क पर कुछ युवकों ने मो. कैफ (24) के सिर पर चापड़ से हमला कर दिया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जिशान अंसारी (23) और मो. दिलरेज खान (20) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून लगा स्टील का चापड़ बरामद किया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

वहीं, पुलिस ने 3 सितंबर को न्यू टीसी कॉलोनी रोड नंबर-2 स्थित महुआ सिन्हा बाबू के बंद घर में हुई चोरी का भी खुलासा किया है। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने 11 सितंबर को मो. जफर खान (32) को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर फार्म एरिया रोड नंबर-2 स्थित एक जर्जर क्वार्टर से चोरी का सामान बरामद किया गया।

बरामद सामान में कांसा और पीतल के लोटे, गिलास, थाली, हांडी और जग के अलावा सोने का हार, मांगटीका, कान के टॉप्स और नथ शामिल हैं। इसके अलावा चांदी की थाली, गिलास, कटोरे, बेरा और अंगूठियां भी बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है। जांच के दौरान अन्य चोरी की घटनाओं से संबंधित आभूषण भी बरामद होने की बात सामने आई है।

Related Post