Breaking
Fri. Sep 11th, 2026

*18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले युवाओं का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना लोकतंत्र की पहली जिम्मेदारी : त्रिशानु राय*

चाईबासा : टाटा स्टील फाउंडेशन मल्टी-स्किल सेंटर, चाईबासा में शुक्रवार को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके छात्र-छात्राओं के बीच मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कांग्रेस जिला प्रवक्ता सह सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय ने युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक किया। पात्र विद्यार्थियों के बीच प्रपत्र-6 भी उपलब्ध कराया गया।

त्रिशानु राय ने कहा कि 18 वर्ष की उम्र पूरी करना केवल वयस्क होने का प्रमाण नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों और जिम्मेदारियों से जुड़ने का अवसर भी है। प्रत्येक पात्र युवा का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना जरूरी है, ताकि वह अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूत करने में भागीदारी निभा सके।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि जिनकी उम्र 18 वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है और अभी तक मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं है, वे आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर अपना नाम जरूर दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि जागरूक और जिम्मेदार युवा मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला हैं।

अभियान के दौरान विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया और प्रपत्र-6 से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई। कार्यक्रम में सेंटर के सहायक प्रबंधक शंखनील बासु, प्रशिक्षक राजीव कुमार, रौशनी झा, प्रदीप कुमार, डी. मन्ना सहित अन्य उपस्थित थे।

Related Post