Breaking
Fri. Sep 11th, 2026

*इग्नू दिसंबर टर्म-एंड परीक्षा के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू*

चाईबासा: इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के दिसंबर 2026 टर्म-एंड परीक्षा के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इग्नू के छात्र मूल्यांकन प्रभाग की ओर से दिसंबर में होने वाली टर्म-एंड परीक्षा के सैद्धांतिक पाठ्यक्रमों के लिए परीक्षा फॉर्म जमा करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

इग्नू की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा तथा ऑनलाइन कार्यक्रमों में नामांकित सभी पात्र विद्यार्थी समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म जमा कर सकते हैं। बिना विलंब शुल्क के परीक्षा फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। इस अवधि में प्रत्येक सैद्धांतिक पाठ्यक्रम के लिए 200 रुपये परीक्षा शुल्क देना होगा।

इसके बाद 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 तक परीक्षा फॉर्म जमा करने का अवसर मिलेगा। इस अवधि में विद्यार्थियों को प्रत्येक सैद्धांतिक पाठ्यक्रम के लिए 200 रुपये परीक्षा शुल्क के अलावा 1,100 रुपये विलंब शुल्क भी देना होगा।

इग्नू ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा फॉर्म अपने समर्थ पोर्टल के माध्यम से ही जमा करें। फॉर्म भरते समय परीक्षा केंद्र और पात्र पाठ्यक्रम के चयन में विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है, ताकि बाद में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

परीक्षा फॉर्म भरने से पहले विद्यार्थियों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि उनका पंजीकरण वैध है और उन्होंने संबंधित पाठ्यक्रम के लिए निर्धारित न्यूनतम अध्ययन अवधि पूरी कर ली है। जहां असाइनमेंट जमा करना जरूरी है, वहां संबंधित असाइनमेंट भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत जमा होना चाहिए।

विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते परीक्षा फॉर्म भर दें। अंतिम समय में तकनीकी समस्या या पोर्टल पर अधिक दबाव के कारण होने वाली परेशानी से बचने के लिए पहले ही आवेदन करना बेहतर रहेगा।

इग्नू की 10 सितंबर 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार यह प्रक्रिया दिसंबर 2026 टर्म-एंड परीक्षा के सैद्धांतिक पाठ्यक्रमों के लिए लागू है। विद्यार्थियों को परीक्षा से संबंधित आगे की जानकारी के लिए इग्नू की ओर से जारी सूचनाओं पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।

Related Post