Breaking
Thu. Sep 10th, 2026

*प्रशासनिक सील तोड़कर स्क्रैप कारोबारी दिवाकर उर्फ दीपू सिंह के प्रतिष्ठान में चोरी*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा में चर्चित स्क्रैप कारोबारी दिवाकर उर्फ दीपू सिंह के लॉज-सह-दुकान में बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। बताया जाता है कि पूर्व में हुई एक बड़ी आपराधिक घटना और उसके बाद हुए जनाक्रोश के कारण प्रशासन ने उक्त प्रतिष्ठान को सील कर दिया था। चोरों ने प्रशासनिक सील और ताला तोड़कर प्रतिष्ठान के अंदर प्रवेश किया और सामानों की चोरी कर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले मुख्य दरवाजे पर लगी प्रशासनिक सील और ताला तोड़ा। इसके बाद दुकान और लॉज के अंदर घुसकर सामानों को खंगाला। बताया जा रहा है कि दुकान के अंदर खड़ी एक मोटरसाइकिल भी चोर अपने साथ ले गए। चोरी की अन्य सामानों के संबंध में फिलहाल स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों में चर्चा शुरू हो गई। प्रशासन द्वारा सील किए गए प्रतिष्ठान में चोरी की घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि जब प्रतिष्ठान प्रशासन की ओर से सील किया गया था, तो उसकी निगरानी की व्यवस्था किस प्रकार की गई थी, इसकी भी जांच होनी चाहिए।

घटना को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। कुछ लोग इसे सामान्य चोरी की घटना मान रहे हैं, जबकि कुछ लोगों को इसके पीछे किसी बड़ी साजिश की आशंका है। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

बताया जा रहा है कि प्रतिष्ठान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में कुछ संदिग्ध लोगों की तस्वीरें कैद हुई हैं। इधर बड़ा जामदा ओपी प्रभारी बालेश्वर उरांव ने बताया कि पुनः दरवाजे को सील कर दिया गया है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के साथ अन्य संभावित साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। इसके आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी का कहना है कि जांच के बाद चोरी की घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जाएगा और आरोपियों की पहचान होने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Related Post