Breaking
Thu. Sep 10th, 2026

डायन-बिसाही के आरोप में 65 वर्षीय महिला से मारपीट, चार नामजद आरोपी गिरफ्तार

चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में डायन-बिसाही के आरोप में 65 वर्षीय महिला के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना दलकी-02 गांव की बतायी गयी है। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि डायन-बिसाही के संदेह में उसके साथ मारपीट की गयी।

पीड़िता के आवेदन के आधार पर चक्रधरपुर थाना में 9 सितंबर को कांड संख्या 98/2026 दर्ज किया गया। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी। पुलिस टीम ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में चिकनी मुंडारी, नीलू मुंडारी, भाया मुंडारी और मोटू उरांव उर्फ राजू उरांव शामिल हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

गुरुवार को चक्रधरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि अंधविश्वास के नाम पर किसी व्यक्ति के साथ हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। कार्रवाई में थाना प्रभारी अवधेश कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारियों की भूमिका रही।

Related Post