चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में 30 सितंबर से 4 अक्टूबर तक खिरवाल बैंक्विट हॉल में आयोजित होने वाली द्वितीय रुंगटा सीमेंट इंटरनेशनल ओपन फीडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर जिला शतरंज संघ के कार्यालय में समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ के उपाध्यक्ष जहांगीर आलम ने की।
बैठक में जिला शतरंज संघ के महासचिव बसंत खंडेलवाल ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए अब तक 220 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। भारत के 10 राज्यों के अलावा नेपाल के कुछ खिलाड़ियों ने भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए पंजीकरण कराया है। रुंगटा सीमेंट द्वारा प्रायोजित इस प्रतियोगिता में कुल छह लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि के साथ 53 ट्रॉफियां प्रदान की जाएंगी।
बसंत खंडेलवाल ने बताया कि पिछले वर्ष प्रतियोगिता में 345 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इस वर्ष 400 से अधिक खिलाड़ियों के शामिल होने का अनुमान है। बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था राजस्थान भवन, खिरवाल धर्मशाला और रुंगटा मैरिज हाउस में की गई है।
प्रतियोगिता में दिल्ली के इंटरनेशनल मास्टर आराध्या गर्ग को अब तक शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी बताया गया है। प्रतियोगिता के विजेता को एक लाख रुपये नकद और ट्रॉफी, उपविजेता को 60 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी तथा तीसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को 40 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा शीर्ष 30 खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
प्रतियोगिता में 90 मिनट प्लस 30 सेकंड इंक्रीमेंट के फॉर्मेट में कुल नौ चक्रों का खेल होगा। इंटरनेशनल आर्बिटर विशाल मिंज प्रतियोगिता में मुख्य निर्णायक की भूमिका निभाएंगे।
बैठक में उपाध्यक्ष नरेंद्र नाथ पांडे, जयदेव चंद्र त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष सुनील शर्मा, सह सचिव अर्पित खिरवाल, सुब्रत चंद्र त्रिपाठी, अनन्त लाल विश्वकर्मा, ईशान चौबे, समीर पूर्ति और बिस्वादीप ठक्कर उपस्थित थे। बैठक में प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने पर चर्चा की गई।

