Breaking
Wed. Sep 9th, 2026

*रोटरी क्लब चाईबासा ने चार शिक्षकों को किया सम्मानित*

चाईबासा: रोटरी क्लब चाईबासा की ओर से रोटरी कॉर्नर में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चार शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत रोटरी क्लब चाईबासा के अध्यक्ष अमित पोद्दार ने आमंत्रित शिक्षकों के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ की। उन्होंने समाज के निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि एक शिक्षित, संस्कारित और सभ्य समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

इसके बाद कार्यक्रम के संचालन की जिम्मेदारी रोटेरियन अनिल कुमार शर्मा को दी गई। उन्होंने बताया कि रोटरी क्लब चाईबासा की ओर से शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रारंभ से ही शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया जाता रहा है। इस वर्ष क्लब का लगातार 21वां वार्षिक शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम शुरू से ही बलबीर कौर खोखर की स्मृति में खोखर परिवार द्वारा प्रायोजित किया जा रहा है।

समारोह का उद्देश्य ऐसे शिक्षकों को सम्मानित करना है, जिन्होंने शिक्षा के माध्यम से समाज को दिशा देने और शिक्षित एवं सभ्य समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसी क्रम में इस वर्ष सेवानिवृत्त शिक्षक चंद्र शेखर, सुरेश कुमार गुप्ता और सविता कुंकल तथा वर्तमान में शिक्षक के रूप में सराहनीय कार्य कर रहे विजय पात्रा को सम्मानित किया गया।

चारों शिक्षकों को पुष्पगुच्छ एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। रोटरी क्लब अध्यक्ष अमित पोद्दार, सचिव सौरभ प्रसाद एवं अन्य सदस्यों ने संयुक्त रूप से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका सम्मान किया।

सम्मानित शिक्षकों ने समारोह में अपने विचार साझा किए और रोटरी क्लब चाईबासा की ओर से किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का सम्मान शिक्षकों के लिए प्रोत्साहन का कार्य करता है और समाज में शिक्षा के महत्व को भी मजबूत करता है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सुशील मुँधड़ा, निरंजन प्रसाद साव, गुरमुख सिंह खोखर, महेश खत्री, मदन गुप्ता, रमेश दत्तानी, अंजु राठौर, हर्षराज मिश्रा, दीपक प्रसाद, घनश्याम मुँधड़ा, दीपक कुमार गुप्ता, विनय लोधा, राजकुमार अग्रवाल सहित सभी रोटेरियन का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Related Post