Breaking
Tue. Sep 8th, 2026

*छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर 12 सितंबर को भाजपा का धरना-प्रदर्शन*

चाईबासा: छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी पश्चिमी सिंहभूम जिला इकाई की ओर से 12 सितंबर को धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम पुराना डीसी कार्यालय परिसर के समक्ष आयोजित होगा। धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा पश्चिमी सिंहभूम जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू करेंगी। कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देशानुसार किया जा रहा है।

भाजपा के अनुसार, पिछले दिनों छात्रों द्वारा अपनी मांगों को लेकर किए गए आंदोलन के दौरान कई छात्रों पर मुकदमे दर्ज किए गए थे। पार्टी का कहना है कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलन करने वाले छात्रों पर मुकदमा दर्ज करना उचित नहीं है। भाजपा ने सरकार से छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सभी मुकदमे तत्काल वापस लेने की मांग की है।

जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू ने कहा कि छात्र देश और समाज का भविष्य हैं। अपनी मांगों और अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाना उनका अधिकार है। आंदोलन के दौरान छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने के बजाय सरकार का रवैया हठधर्मिता वाला बना हुआ है। भाजपा छात्रों के साथ खड़ी है और उनके न्यायपूर्ण अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से उठाएगी।

उन्होंने कहा कि 12 सितंबर को होने वाला धरना-प्रदर्शन पूरी तरह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किया जाएगा। भाजपा की मांग है कि सरकार छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए मुकदमों की समीक्षा करे और उन्हें अविलंब वापस ले।

भाजपा जिला अध्यक्ष ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं छात्र हितैषी नागरिकों से निर्धारित समय पर अधिक से अधिक संख्या में धरना-प्रदर्शन में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

Related Post