Breaking
Tue. Sep 8th, 2026

*प्रयास एक नई पहल ने चार पारा शिक्षकों को किया सम्मानित*

चाईबासा: शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रयास एक नई पहल संस्था की ओर से पारा शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन शांति जुनियर्स प्री स्कूल में किया गया। संस्था द्वारा पिछले कई वर्षों से शिक्षक दिवस के अवसर पर पारा शिक्षकों को सम्मानित किया जा रहा है।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रयास एक नई पहल की सचिव सीमा टिर्की ने अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की तरह ही शिक्षण कार्य में पारा शिक्षकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। संस्था की ओर से उनके योगदान को सम्मान देने का प्रयास किया जा रहा है।

संस्था के अध्यक्ष गुरमुख सिंह खोखर ने कहा कि शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को सम्मानित करना सराहनीय पहल है। शिक्षण कार्य में पारा शिक्षकों के योगदान को देखते हुए संस्था ने पिछले कुछ वर्षों से शिक्षक दिवस पर उन्हें सम्मानित करने की परंपरा शुरू की है।

डा. अर्पित सुमन ने कहा कि प्रयास एक नई पहल द्वारा पारा शिक्षकों को सम्मानित कर उन्हें समाज में नई पहचान देने का काम किया जा रहा है। इससे शिक्षण कार्य में लगे पारा शिक्षकों का मनोबल बढ़ता है।

वार्ड पार्षद बेला जेराई ने झारखंड सरकार द्वारा पंजीकृत एनजीओ प्रयास एक नई पहल की इस पहल की सराहना की। वहीं आमंत्रित अतिथि राज किशोर साहू ने कहा कि संस्था अपने नाम के अनुरूप समाज में प्रशंसनीय कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान संस्था के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं आमंत्रित अतिथियों ने चार पारा शिक्षकों सरला पुर्ती, शम्भु गोप, अंजु नायक और जसवंती बारी को पुष्पगुच्छ एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सभी चारों पारा शिक्षकों को संस्था की ओर से प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया गया।

संस्था की ओर से पहली बार आयोजित पारा शिक्षक सम्मान समारोह में सम्मानित साधु चरण बिरुली का भी सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में संस्था की कोषाध्यक्ष संध्या सुरीन ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने संस्था की सदस्या मीनाक्षी विश्वकर्मा, बीना पाल, अतिथि अंकित साह सहित अन्य आमंत्रित अतिथियों के सहयोग के लिए आभार जताया।

कार्यक्रम का मंच संचालन नेहा निषाद ने प्रभावशाली ढंग से किया, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की।

Related Post