Breaking
Tue. Sep 8th, 2026

FSKAI कराटे प्रतियोगिता में बाल्डविन फार्म एरिया हाई स्कूल के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, अभिषेक सिंह मोदक का वर्ल्ड कप के लिए चयन

जमशेदपुर: बाल्डविन फार्म एरिया हाई स्कूल, कदमा के विद्यार्थियों ने कोलकाता में आयोजित 2nd Japan Funakoshi Shotokan Karate Association of India (FSKAI) Tournament में शानदार प्रदर्शन किया। 5 और 6 सितंबर को माध्यग्राम, कोलकाता में हुई इस प्रतियोगिता में स्कूल के 11 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और कुल 2 स्वर्ण, 6 रजत और 7 कांस्य पदक अपने नाम किए।

प्रतियोगिता में स्कूल के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि अभिषेक सिंह मोदक का आगामी वर्ष होने वाली World Cup Championship के लिए चयन होना रहा। अभिषेक के चयन को स्कूल के साथ-साथ जमशेदपुर के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उनके प्रदर्शन और लगातार मेहनत ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए जगह दिलाई है।

प्रतियोगिता में बाल्डविन फार्म एरिया हाई स्कूल की ओर से अभिषेक सिंह मोदक के अलावा युगांतर सिंह, देवांशु प्रसाद, मृणाल गांगुली, हर्षित कुमार, सोना कुमारी, अनुराधा दत्ता, आरव प्रधान, वैष्णवी सिंह, प्रवीण ठाकुर और भूमि कुमारी ने हिस्सा लिया।

प्रार्थना सभा में खिलाड़ियों का सम्मान

प्रतियोगिता में पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों को स्कूल की प्रातःकालीन सभा में सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रधानाचार्या डॉ. सुभश्री सरकार, उप-प्रधानाचार्या अर्चना बोस और प्रशासक सचिन कुमार ने विजेता खिलाड़ियों का स्वागत किया और उन्हें पदक व ट्रॉफियां प्रदान कीं।

स्कूल परिसर में आयोजित इस सम्मान समारोह के दौरान खिलाड़ियों की उपलब्धियों को विद्यार्थियों के सामने साझा किया गया। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि इस तरह के सम्मान से दूसरे विद्यार्थियों को भी खेलों में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रोत्साहन मिलता है।

विद्यालय प्रबंधन ने सभी खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता स्कूल के लिए गर्व का विषय है। प्रबंधन ने छात्रों से खेल और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने तथा अपनी प्रतिभा को बेहतर बनाने का आह्वान किया।

स्कूल के खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से एक ओर जहां विद्यालय की खेल प्रतिभा सामने आई है, वहीं अभिषेक सिंह मोडक के World Cup Championship के लिए चयन ने इस उपलब्धि को और खास बना दिया है।

Related Post