जमशेदपुर: केरला समाजम मॉडल स्कूल की ओर से पूर्व चेयरमैन स्वर्गीय ए.पी.आर. नायर की स्मृति में सोमवार को एपीआर नायर मेमोरियल ब्लड डोनेशन कैंप 2026 का आयोजन किया गया। शिविर में बोर्ड सदस्यों, शिक्षकों, अभिभावकों और 18 वर्ष से अधिक आयु के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। शिविर में कुल 105 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन चेयरमैन टी.के. सुकुमारन, प्रिंसिपल रीना बनर्जी, अध्यक्ष के. मुरलीधरन, ट्रस्टी मोहन, महासचिव सुनील कुमार समेत बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज के अन्य सदस्यों, अकादमिक डायरेक्टर नंदिनी शुक्ला, वाइस प्रिंसिपल ए.एल. अब्राहम और हेडमिस्ट्रेस सुजाता सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर प्रिंसिपल रीना बनर्जी ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।
शिविर में स्कूल के शिक्षकों और कर्मचारियों के साथ अभिभावकों तथा 18 वर्ष से अधिक उम्र के विद्यार्थियों ने भी रक्तदान किया। आयोजन के दौरान रक्तदाताओं में सामाजिक जिम्मेदारी और जरूरतमंदों की मदद करने का जज्बा देखने को मिला।
केरला समाजम और केरला समाजम मॉडल स्कूल प्रबंधन ने रक्तदान करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया। साथ ही, सामाजिक सरोकार के तहत शिविर में सहयोग के लिए वीबीडीए (VBDA) के प्रति भी धन्यवाद व्यक्त किया।

