चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पांचों गांव में रविवार को 22 वर्षीय नवविवाहित युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान पांचों गांव निवासी रघुनाथ मछुआ (22) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, वहीं ग्रामीण भी घटना से स्तब्ध हैं।
जानकारी के अनुसार, रघुनाथ मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। करीब डेढ़ माह पहले ही उसकी शादी हुई थी। परिजनों के अनुसार वह खेल प्रेमी था और फुटबॉल में उसकी विशेष रुचि थी।
परिजनों ने बताया कि शनिवार को उसकी पत्नी मायके जाने की बात को लेकर घर से निकल गई थी। बाद में रघुनाथ उसे समझाकर वापस घर ले आया था। रविवार को उसकी पत्नी की मां गांव पहुंचीं और अपनी बेटी को अपने साथ मायके लेकर चली गईं। इसके बाद रघुनाथ कुछ परेशान नजर आया।
रविवार को घर में अन्य लोगों की गैरमौजूदगी के दौरान रघुनाथ की हालत बिगड़ी हुई मिली। बड़े भाई की नजर पड़ने के बाद परिजन उसे तत्काल सदर अस्पताल, चाईबासा लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों से पूछताछ कर घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही रघुनाथ की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। इधर, शादी के महज डेढ़ माह बाद रघुनाथ की मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना को लेकर गांव में भी शोक का माहौल है।

