कपाली। सरायकेला खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में पॉक्सो एक्ट के एक मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बबलू अंसारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की उम्र 42 वर्ष बताई गई है और वह कपाली के हाशमी मोहल्ला डेमडुब्बी का रहने वाला है।
कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के अनुसार आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में पुलिस टीम ने संभावित ठिकाने पर छापेमारी कर बबलू अंसारी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया। अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई में एएसआई मुन्ना राय समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। मामले में पुलिस की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

