जमशेदपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पूरा शहर जन्माष्टमी के रंगों में सराबोर है, शहर में हर ओर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव की धूम है। गुरुवार को सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाऊन हॉल में सूर्य मंदिर समिति के तत्वाधान में चल रहे तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के दूसरे दिन सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता का ऑडिशन सम्पन्न हुआ। इस दौरान राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सह सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास, संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह एवं अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुख्यरूप से मौजूद रहे। इस प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न क्षेत्रों के 25 ग्रुप ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान विभिन्न डांस ग्रुप के प्रतिभागियों ने भक्ति एवं देशभक्ति गीतों पर बेहतर मनोरंजक एवं मनमोहक प्रस्तुति दी। प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति व नृत्य नाटिका से सभी दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, प्रतिभागियों ने विभिन्न थीम एवं सामाजिक संदेशों पर प्रस्तुति से सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। इस अवसर पर निर्णायक मंडली एवं उपस्थित दर्शकों ने प्रत्येक प्रस्तुति के दौरान में करतल ध्वनि से प्रतिभागियों का हौंसला बढ़ाया। कुल 25 टीम ने हिस्सा लिया जिसमें ऑडिशन के पश्चात बेहतरीन प्रस्तुति के आधार पर 7 ग्रुप का चयन फाइनल के लिए किया गया। सभी डांस ग्रुप के प्रतिभागी शुक्रवार, संध्या 5 बजे से सूर्य मंदिर परिसर में आयोजित फाइनल मुकाबले में आपस में प्रतिस्पर्धा करेंगे। फाइनल मुकाबले में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय विजेताओं को सूर्य मंदिर समिति के द्वारा 20 हजार, 15 हजार और 10 हजार की नकद पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। वहीं, फाइनल के अन्य प्रतिभागी टीम को भी समिति की ओर से प्रोत्साहन राशि भेंट की जाएगी। शुक्रवार को सांध्यकाल में बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता का फाइनल एवं सामूहिक नृत्य का फाइनल सम्पन्न होगा।
विभिन्न थीम एवं सामाजिक संदेशों पर डांस ग्रुप ने दी प्रस्तुति: विभिन्न डांस ग्रुप ने भारत देश, भारतीय संस्कृति, देशभक्ति, नारी उत्पीड़न, कृष्ण लीला, पंजाबी लोकनृत्य पर प्रस्तुति दी।
इस दौरान मंच संचालन सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता के प्रभारी दिनेश कुमार ने किया।
इस अवसर पर सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, महासचिव अखिलेश चौधरी, अमरजीत सिंह राजा, शैलेश गुप्ता, मान्तु बनर्जी, सुशांत पांडा, शशिकांत सिंह, बोलटू सरकार, बंटी अग्रवाल, कंचन दत्ता, प्रमोद मिश्रा, टुनटुन सिंह, राजन सिंह, राकेश सिंह, पप्पू उपाध्याय, मीरा झा, अशोक सामंत, दिलीप पासवान, राकेश गिरी, बी सीनू राव, अमरेंद्र कुमार, देबाशीष झा, बिशु सिंह अन्य मौजूद रहे।

