जमशेदपुर: सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SCCI) की ओर से 1 और 2 सितंबर को दो दिवसीय ओडिशा दौरे का आयोजन किया गया। इस दौरे में चैम्बर के करीब 50 पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य और सदस्य शामिल हुए। यात्रा के दौरान आध्यात्मिक दर्शन के साथ एग्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक, औद्योगिक भ्रमण और व्यापारिक सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण चर्चाएं हुईं।
दौरे के पहले दिन प्रतिनिधिमंडल ने पुरी पहुंचकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन किए। इसके बाद चैम्बर की नौवीं एग्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक हुई, जिसमें संगठन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
दूसरे दिन प्रतिनिधिमंडल ने भुवनेश्वर के खुर्दा रोड स्थित वरुण बेवरेजेस के पेप्सी प्लांट का औद्योगिक भ्रमण किया। प्लांट हेड ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया और पेप्सी समेत अन्य पेय पदार्थों के निर्माण की प्रक्रिया की जानकारी दी। सदस्यों ने प्री-फॉर्म से बोतल तैयार करने से लेकर पेय पदार्थों की पैकेजिंग तक की प्रक्रिया को करीब से देखा। चैम्बर के अनुसार वर्ष 2024 में स्थापित इस प्लांट को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ प्लांट का पुरस्कार भी मिल चुका है।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने भुवनेश्वर स्थित भगवान लिंगराज मंदिर में दर्शन किए। शाम को ओडिशा चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के साथ बैठक आयोजित की गई। ओडिशा चैम्बर के अध्यक्ष डॉ. तपस पांडा और सचिव पटनायक ने सिंहभूम चैम्बर के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। बैठक में दोनों राज्यों के व्यापार एवं उद्योग जगत के बीच सहयोग बढ़ाने और भविष्य में संयुक्त गतिविधियां आयोजित करने पर चर्चा हुई।
इस दौरान IIM लखनऊ के डीन के साथ ऑनलाइन संवाद में भी प्रतिनिधिमंडल ने हिस्सा लिया। ‘One Nation, One Election’ विषय पर आयोजित चर्चा में प्रतिनिधिमंडल ने अपने विचार और सुझाव साझा किए।
ओडिशा चैम्बर के अध्यक्ष डॉ. तपस पांडा ने बताया कि फरवरी 2027 में भुवनेश्वर में Mining Fair & Expo का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सिंहभूम चैम्बर को इसमें सहयोग और सहभागिता के लिए आमंत्रित किया।
सिंहभूम चैम्बर के अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि यह दौरा आध्यात्मिकता, संगठनात्मक कार्य, औद्योगिक अनुभव और व्यावसायिक सहयोग का संगम रहा। उन्होंने कहा कि वरुण बेवरेजेस के अत्याधुनिक प्लांट का भ्रमण सदस्यों के लिए ज्ञानवर्धक रहा, जबकि ओडिशा चैम्बर के साथ बैठक से दोनों राज्यों के उद्योग एवं व्यापार जगत के बीच सहयोग की नई संभावनाएं सामने आई हैं।
महासचिव पुनीत कौंटिया ने कहा कि यह केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि सीखने, जुड़ने और नए अवसर तलाशने का प्रयास था। उन्होंने कहा कि एग्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक, मंदिर दर्शन, औद्योगिक भ्रमण, IIM लखनऊ के डीन के साथ नीतिगत चर्चा और ओडिशा चैम्बर के साथ संवाद ने दौरे को खास बनाया।
दौरे में अध्यक्ष मानव केडिया, महासचिव पुनीत कौंटिया, उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल और हर्ष बांकरेवाल, सचिव भारत मकानी, अंशुल रिंगासिया, बिनोद शर्मा और सुरेश शर्मा समेत कई पदाधिकारी व सदस्य शामिल रहे। चैम्बर ने दौरे को सफल बताते हुए कहा कि इससे व्यापारिक एवं औद्योगिक सहयोग के नए अवसरों की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।

