Breaking
Wed. Sep 2nd, 2026

बानाकाटा में सड़क किनारे मिला परसुडीह निवासी का शव, चेहरे पर चोट के निशान; हत्या की आशंका

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र में झारखंड-ओडिशा सीमा के समीप बानाकाटा गांव में बुधवार को सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर कोवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

मृतक की पहचान सिकंदर कुमार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के छपरा का रहने वाला था और वर्तमान में अपने परिवार के साथ परसुडीह में रहता था। बताया गया कि सिकंदर ठेकेदार के अधीन इलेक्ट्रीशियन का काम करता था।

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के पास से मृतक की बाइक और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। वहीं, शव के चेहरे पर गहरी चोट के निशान पाए गए हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए परिजनों ने सिकंदर की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

मृतक के बड़े भाई जितेंद्र प्रसाद के आवेदन पर कोवाली थाना में मामला दर्ज कर पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना को लेकर पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Related Post