चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के जन वितरण प्रणाली दुकानदारों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों के समर्थन में मंगलवार को चाईबासा स्थित पुराना उपायुक्त कार्यालय, कोर्ट रोड में एकदिवसीय धरना प्रदर्शन किया। ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन की झारखंड राज्य इकाई और फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन, झारखंड प्रदेश की पश्चिमी सिंहभूम जिला कमिटी के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित धरने में जिले के 18 प्रखंडों से करीब 600 जन वितरण प्रणाली दुकानदार और स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्य शामिल हुईं।
धरना समाप्त होने के बाद प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड के मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर दुकानदारों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। संगठन ने कहा कि राज्य में करीब 25 हजार पीडीएस दुकानदार लंबे समय से आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। खाद्यान्न वितरण के एवज में मिलने वाले कमीशन का समय पर भुगतान नहीं होने के कारण दुकानदारों की आर्थिक स्थिति लगातार प्रभावित हो रही है।
दुकानदारों ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम और झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत अब तक वितरित खाद्यान्न का बकाया कमीशन 30 दिनों के भीतर भुगतान करने की मांग की। उनका कहना है कि भविष्य में खाद्यान्न का आवंटन किए जाने के साथ ही संबंधित कमीशन का भुगतान भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
ज्ञापन के माध्यम से आवंटित माह का खाद्यान्न माह शुरू होने से पहले उपलब्ध कराने अथवा खाद्यान्न मिलने के बाद वितरण के लिए 30 दिनों की अवधि निर्धारित करने की मांग भी की गई। इसके साथ ही दुकानदारों को निर्धारित मात्रा में पूरा खाद्यान्न उपलब्ध कराने और उनकी मासिक आय कम से कम 50 हजार रुपये सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई। डीलर परिवारों को मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य चिकित्सा योजना में शामिल करने की भी मांग की गई।
संगठन ने चुनाव से पहले घोषित सरसों तेल और सोयाबीन उपलब्ध कराने तथा हरा कार्डधारियों के लिए खाद्यान्न की मात्रा पांच किलो से बढ़ाकर सात किलो करने की मांग लागू करने पर जोर दिया। वहीं, राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र की सर्वर व्यवस्था में सुधार, शिकायत निवारण के लिए अलग प्रकोष्ठ गठित करने और जन वितरण प्रणाली को पूरी तरह कागज रहित बनाने की मांग भी रखी गई।
दुकानदारों ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि 30 सितंबर 2026 तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो 1 अक्टूबर से राज्यभर के पीडीएस दुकानदार राजभवन के समक्ष धरना देंगे। इसके बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन ने “कमीशन नहीं तो वितरण नहीं” जैसे आंदोलनात्मक कदम उठाने की चेतावनी दी है।
धरना कार्यक्रम में जन वितरण प्रणाली संघ झारखंड इकाई की महिला उपाध्यक्ष संगीता वर्मा, पश्चिमी सिंहभूम जिला कमिटी अध्यक्ष कृष्णा कालिंदी, सचिव कृष्णा सिंकू, चक्रधरपुर प्रखंड कमिटी के उपाध्यक्ष राफेल बोदरा और सचिव अभय सामाड समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

