जमशेदपुर। गोविंदपुर थाना क्षेत्र के घोड़ाबांधा में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक कुएं से 45 वर्षीय फूलचंद उर्फ सोना प्रमाणिक का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत को संदिग्ध मानते हुए पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक के बड़े भाई आशुतोष बरुआ ने बताया कि फूलचंद पिछले करीब तीन दिनों से घर से बाहर नहीं निकला था। सोमवार को ग्रामीणों ने इसकी जानकारी उसके भाई को दी। इसके बाद जब परिजन उसके घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा खुला हुआ था। घर के अंदर खोजबीन करने के दौरान कुएं में शव तैरता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, फूलचंद कुछ वर्ष पहले एक महिला के साथ रहता था, लेकिन उसकी नशे की लत के कारण महिला उसे छोड़कर चली गई थी। इसके बाद से वह घर में अकेले रह रहा था। बताया गया कि फूलचंद पेशे से ड्राइवर था और लंबे समय से नशे का आदी था।
घटना की सूचना मिलने के बाद गोविंदपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फूलचंद की कुएं में गिरने से मौत हुई, उसने आत्महत्या की या फिर उसकी मौत के पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का खुलासा होने की संभावना है।

